वाराणसी : समीर हत्याकांड में फरार 50 हजार का इनामी आरोपी, घर पर मुनादी और नोटिस चस्पा
वाराणसी। गोमती जोन के थाना बड़ागांव पुलिस ने समीर हत्याकांड में वांछित 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त संदीप यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसके घर पर मुनादी और नोटिस चस्पा किया है। न्यायालय के आदेश पर शनिवार को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, संदीप यादव पुत्र रामजनम यादव, निवासी ग्राम उगापुर थाना चौबेपुर, इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। ऐसे में न्यायालय के निर्देश पर उसके घर पर नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई गई, ताकि उसे जल्द से जल्द आत्मसमर्पण के लिए बाध्य किया जा सके।
संदीप यादव मु0अ0सं0 525/2025 के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराएं 191(3), 115(2), 352, 109(1), 103(1) एवं 190 लागू हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी स्पष्ट होती है।
घटना 25 दिसंबर को थाना बड़ागांव क्षेत्र के दयालपुर गांव के पास हुई थी। उस दिन आपसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना में रामू यादव घायल हो गया था, जबकि समीर सिंह नामक एक बालक की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस गंभीर घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान इस मामले में कुल आठ अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें से कई आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है या उन्होंने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। 9 जनवरी 2026 को करन प्रजापति, प्रेमशंकर पटेल और शुभम मौर्य उर्फ लालू मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
इसके बाद 23 जनवरी को आकाश पाल और 27 जनवरी को पवन पाल ने न्यायालय में सरेंडर किया। वहीं 26 मार्च को मनीष यादव उर्फ महादेव को मुंबई से गिरफ्तार किया गया, जबकि 1 अप्रैल 2026 को दीपक यादव को भी पुलिस ने पकड़ लिया था। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पहले ही बरामद की जा चुकी है।
पुलिस ने बताया कि संदीप यादव की गिरफ्तारी के लिए पहले ही गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) 21 फरवरी 2026 को जारी किया जा चुका है, साथ ही धारा 84 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

