वाराणसी : सलमान खान बन गया सन्नी सिंह, धर्म छिपाकर की शादी, धर्मांतरण के लिए महिला पर बनाया दबाब, पांच पर मुकदमा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने धर्म और पहचान छिपाकर विवाह करने, कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित अन्य गंभीर आरोपों में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, सिगरा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला (काल्पनिक नाम रूपम) ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके पति ने अपनी वास्तविक पहचान और धर्म छिपाकर हिंदू नाम का इस्तेमाल किया तथा कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उससे विवाह किया। महिला का आरोप है कि इसके बाद सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी शाहरुख और मकबूल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। महिला की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में मु.अ.सं. 0350/2026 दर्ज करते हुए आरोपी सन्नी सिंह उर्फ सलमान खान, शाहरुख, मकबूल, कैसर खान तथा सायना खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध विवेक कुमार शुक्ला द्वारा की जा रही है। आरोपों की जांच के दौरान सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story