वाराणसी : एटीएम कार्ड बदलकर उड़ाए 44 हजार, कोलकाता से निकाली गई रकम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां शातिर जालसाजों ने एटीएम पर डेबिट कार्ड बदलकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 44 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिवाला निवासी बामदेव तिवारी 14 मई को सुंदरपुर सब्जी मंडी के पास स्थित एसबीआई एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक शातिर युवक ने उन्हें बातों में उलझा लिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने चालाकी से उनका डेबिट कार्ड बदल दिया। पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह सामान्य तरीके से अपने घर लौट आए।

कुछ देर बाद बामदेव तिवारी के मोबाइल फोन पर बैंक खाते से रुपये निकाले जाने के लगातार संदेश आने लगे। एक के बाद एक मैसेज देखकर वह घबरा गए और तुरंत खाते की जानकारी ली। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से कुल 44 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरी रकम कोलकाता के किसी एटीएम से निकाली गई।

घटना के बाद पीड़ित ने भेलूपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर जालसाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें और अपना कार्ड, पिन या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Share this story