वाराणसी : रोहनियां पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर, 30 लाख की सोने-चांदी की सिल्ली, नकदी बरामद, पहले से दर्ज हैं 20 मुकदमे
वाराणसी। रोहनियां पुलिस ने शातिर चोर को परमानंदपुर चौरा माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से सोने-चांदी की सिल्ली, 8500 नकदी, कार, तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ 20 मुकदमे दर्ज हैं।
डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि 22 मार्च को गोविंदपुर निवासी वादी ने मुकदमा दर्ज कराया था कि वह परिवार के साथ विध्यांचल दर्शन करने के लिए गए थे। रात 3.15 बजे वापस घर लौटे तो कमरे में रखी आलमारी का ताला टूटा था। उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। पुलिस मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच में जुटी थी।
पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर चौरा माता मंदिर परमानंदपुर के पास गंगापुर रोहनियां रोड से शनि धरिकार निवासी लालपुर पांडेयपुर के रमदत्तपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मैं अपने दो साथियों के साथ स्कूटी से परमानंदपुर में एक घर का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। उसी दौरान एक महिला के जग जाने के कारण हम लोग से निकलकर आगे बढ़ गए। उसी दौरान गोविंदपुर में ताला लगा घर दिखाई दिया जिसकी बाउंड्री फांदकर अंदर गए।
आरोपी ने बताया कि मकान के पहले तल के कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी आलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी करीब एक लाख चोरी कर नगवां लंका की तरफ चले गए। इसके बाद नकदी एक लाख रुपये को आपस में बांट लिया। वहीं जेवरात अधिक होने पर तय किया शहर के बाहर कहीं एक साथ बेचा जाएगा। शनि ने बताया कि सारा जेवरात अपने सगे साले को बेचने के लिए दे दिया। उसने गहने मोहनियां में अपने परिचित किसी सुनार को 17 लाख में बेच दिया। पुलिस ने सुनार के यहां से माल बरामद किया।
डीसीपी ने बताया कि शातिर चोर पहले मोहल्ले में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद चिह्नित मकानों का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो जाते थे। जेवरात को ज्वेलर्स को मनगढंत कहानी बनाकर अपनी जरूरत बताकर बेच देते थे। पुलिस ने गला हुआ सोना (180.460 ग्राम), चांदी की सिल्ली 818 ग्राम, तमंजा, दो कारतूस, 8500 नकदी, घटना में इस्तेमाल की गई होंडा अमेज गाड़ी बरामद की। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक अमीर बहादुर सिंह, सुशील कुमार सिंह, पवन कुमार, दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल रानू कुमार, प्रेम पंकज आदि शामिल रहे।

