वाराणसी : रिंग रोड के समीप लूट, राजस्व निरीक्षक से मोबाइल व दस्तावेज छीन फरार हुए बदमाश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रिंग रोड के पास लूट की घटना सामने आने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बेखौफ बदमाशों ने एक राजस्व निरीक्षक को निशाना बनाते हुए उनका मोबाइल फोन और जरूरी कागजात छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

हरहुआ के कोइराजपुर निवासी कृष्ण कुमार सिंह औराई तहसील में राजस्व निरीक्षक (रजिस्ट्रार कानूनगो) के पद पर तैनात हैं। गुरुवार की शाम करीब 6 बजे अपनी ड्यूटी पूरी कर वाराणसी लौट रहे थे। जैसे ही वह रिंग रोड से करीब 100 मीटर पहले रखौना गांव के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

बदमाशों ने अचानक हमला कर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, मोबाइल में दो सिम कार्ड लगे थे और उसके कवर में कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी रखे हुए थे, जो बदमाशों के हाथ लग गए। 

घटना के बाद कृष्ण कुमार सिंह ने मिर्जामुराद थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर बरामद करने तथा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की अपील की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

Share this story