वाराणसी : राजमिस्त्री की मौत के बाद बवाल, पत्नी-बच्चों और डॉक्टर पर हत्या का आरोप लगाकर सड़क जाम, आरोपितों के घर में तोड़फोड़
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के पूरनपट्टी गांव में राजमिस्त्री दिलीप राजभर (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद दो दिनों तक तनाव और हंगामे का माहौल बना रहा। पत्नी, बच्चों और एक चिकित्सक पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार सुबह डुबकियां-जयरामपुर मार्ग पर रस्सी बांधकर चक्काजाम कर दिया। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने के बावजूद आक्रोश कम नहीं हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने के बाद लोगों ने घर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने किसी तरह समझाकर लोगों को शांत कराया।
मृतक की मां धनदेई देवी का आरोप है कि उनकी बहू का एक चिकित्सक से कथित अवैध संबंध था। 29 सितंबर को दोपहर में चिकित्सक घर आया था। दिलीप ने इसका विरोध किया तो कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद बहू, बच्चे और चिकित्सक ने मिलकर दिलीप के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए बहू के साथ एक निजी अस्पताल ले गए, जहां शनिवार रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव सौंपने के बाद फिर भड़का आक्रोश
सोमवार सुबह धनदेई देवी, दर्जनों महिला-पुरुष और बच्चे डुबकियां-जयरामपुर मार्ग पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव मृतक के पुत्र प्रदीप को सौंप दिया। हालांकि, वह शव लेकर घर नहीं पहुंचा। उधर, परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर शव का इंतजार कर रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे शव सौंपे जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों का आक्रोश फिर भड़क उठा। दर्जनों लोग नारेबाजी करते हुए घर पहुंच गए और दरवाजे, सीसीटीवी कैमरे, एसी, वाशिंग मशीन समेत घरेलू सामान में तोड़फोड़ की। घर की दीवारों और छत को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

