वाराणसी में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, महिला समेत तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित भुल्लनपुर इलाके में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार जीप ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला, उसकी मासूम बेटी और युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर निवासी सोनी राजभर अपने देवर मनीष राजभर और पांच वर्षीय बेटी के साथ मोढैला गांव में आयोजित एक रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रविवार रात करीब 11:30 बजे तीनों एक ही बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक भुलनपुर स्थित जीटी रोड पर पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही थार जीप ने बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि थार बाइक को लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे की भयावहता देखकर आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

दुर्घटना में सोनी राजभर और उनकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष राजभर को पुलिस की मदद से तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है, जिनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है।

Share this story