वाराणसी में भीषण सड़क हादसा : ट्रक ने स्कार्पियो में मारी टक्कर, चार की मौत, दो घायल, विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। प्रयागराज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बेकाबू ट्रक ने पीछे से खड़ी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय स्कॉर्पियो सवार लोग ओवरब्रिज पर उतरकर सेल्फी ले रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्कॉर्पियो (यूपी 65 ईबी 2199) में आठ लोग सवार थे। सभी विंध्याचल में दर्शन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे वे मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर पहुंचे। यहां वाहन रोकने के बाद सभी लोग नीचे उतरकर सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

चीख-पुकार के बीच मौके पर पहुंची पुलिस
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। क्षतिग्रस्त वाहन और घायलों को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में मृतकों की शिनाख्त प्रदीप सिंह, आनंद यादव, विद्यांशु यादव और आलोक मिश्रा के रूप में हुई। वहीं, घायलों की पहचान कन्हैया यादव और निखिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने और घायलों के उपचार की जानकारी जुटाने में लगी है।
मृतकों की फाइल फोटो
प्रदीप सिंह
आलोक मिश्रा

विद्यांशु यादव

आनंद यादव


