वाराणसी : खुले मैनहोल में गिरकर रिक्शा चालक की मौत, लापरवाही पर भड़के स्थानीय लोग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में लगभग 40 वर्षीय अज्ञात रिक्शा चालक की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। यह घटना चेतमणि चौराहे से कूड़ाखाना तिराहे के पास की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

रविवार की देर रात एक रिक्शा चालक अपने रिक्शे के साथ उसी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खुले पड़े मैनहोल में उसका पैर फिसल गया और वह सीधे भीतर जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत उसे बचाने की कोशिश शुरू की। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को भी दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रिक्शा चालक को मैनहोल से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के पास उसका रिक्शा भी खड़ा मिला, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह सवारी छोड़कर लौट रहा था या किसी अन्य जगह जाने के लिए उसी रास्ते से गुजर रहा था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि मृतक के बारे में जानकारी मिल सके।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम की लापरवाही को लेकर काफी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर मैनहोल खुले पड़े रहते हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share this story