वाराणसी : सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई, पुलिस आयुक्त ने सेवाकाल को सराहा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट में सेवानिवृत्त हो रहे आठ पुलिसकर्मियों के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उनके समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए स्मृति-चिह्न और फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया।

पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कार्यालय में मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके दीर्घ, उत्कृष्ट और समर्पित सेवाकाल की सराहना की।

इस अवसर पर ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात उपनिरीक्षक जंग बहादुर यादव, पुलिस लाइन के उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, न्यायालय सुरक्षा के उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, अभिसूचना शाखा के उपनिरीक्षक शशि कुमार कुँवर, अभिसूचना शाखा के मुख्य आरक्षी प्रद्युम्न प्रसाद, न्यायालय सुरक्षा के मुख्य आरक्षी सुमन कुमार सिंह, पुलिस लाइन की स्वीपर सीता देवी तथा अर्दली प्यून उमेश चन्द्र पाण्डेय को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के पुलिसकर्मियों को उनसे सीख लेने की आवश्यकता है।

समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति-चिह्न एवं उनकी सेवाओं की यादगार के रूप में फोटो फ्रेम भेंट किए गए। साथ ही पुलिस आयुक्त ने उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जीवन के नए चरण के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share this story