वाराणसी : दिन में रेकी, रात में दुकानों के टीन शेड उखाड़कर चोरी, 5330 रुपये नकदी समेत चोरी के माल के साथ चोर गिरफ्तार
वाराणसी। मंडुवाडीह पुलिस ने दुकानों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान और 5330 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन में बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी करता था और रात में अंधेरे व सुनसान स्थान का फायदा उठाकर दुकानों को निशाना बनाता था।
डीसीपी प्रमोद कुमार के मुताबिक, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के पश्चिमी बाजार स्थित कई दुकानों से सामान और नकदी चोरी होने की शिकायत 15 सितंबर को थाने में मिली थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विशाल कुमार सिंह को सौंपी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने आशीष पटेल उर्फ बल्लू (26) पुत्र विनोद कुमार, निवासी जलालीपट्टी, मंडुवाडीह को 15 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे बीएलडब्ल्यू परिसर स्थित नाथू गेट के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिन में बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी करता था। रात में मौका देखकर गुमटी मार्केट की कई दुकानों के टीन शेड उखाड़कर अंदर रखा सामान चोरी कर लेता था। चोरी का सामान राहगीरों को बेचने के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गिफ्ट आइटम, क्रीम और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के गिफ्ट आइटम, अलग-अलग ब्रांड की क्रीम, 10 लोवर, आठ पैकेट बैलून और 5330 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत एसीपी रोहनिया के नेतृत्व में मंडुवाडीह पुलिस टीम ने की।

