वाराणसी : सीडा की बैठक में प्रस्तावों पर हुई चर्चा, लिए गए अहम निर्णय, मंडलायुक्त ने दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में सतहरिया औद्योगिक विकास प्राधिकरण (सीडा), जौनपुर की 42वीं बैठक कमिश्नरी सभागार में संपन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण द्वारा कुल 18 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य फोकस औद्योगिक विकास को तेज गति देना, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और निवेश को प्रोत्साहित करना रहा।

सीडा क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना को स्वीकृति दी गई, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा किसानों से भूमि क्रय की अनुमति और विभिन्न भूखंडों के आवंटन से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई। प्राधिकरण में “ऑपरेटिंग मैन्युअल-2024” को लागू करने का निर्णय भी लिया गया, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित हो सके।

123

मंडलायुक्त ने चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए सड़क, विद्युत, जलापूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नई योजनाओं और प्रोत्साहन नीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि निवेश को बढ़ावा मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। सीडा के अधिसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में स्टैम्प शुल्क से प्राप्त 2 प्रतिशत धनराशि, जो लगभग 27.5 लाख रुपये है, से विकास कार्य कराए जाने की अनुमति दी गई। इसके अतिरिक्त सड़क, भवन और अन्य अनुरक्षण कार्यों को आवश्यकतानुसार कराए जाने पर भी सहमति बनी।

बैठक में जौनपुर के जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश चंद्र वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने सीडा क्षेत्र में अटल योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। बैठक का संचालन अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी आशुतोष सहाय पाठक ने किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता सुरेंद्र कुमार, निर्माण खंड जौनपुर के अधिशाषी अभियंता विशाल सिंह, यूपीसीडा वाराणसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एस. एम. पटेल तथा सहयुक्त नगर नियोजक सुधीर कश्यप सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story