वाराणसी : आयुष विंग में शिफ्ट होगा पर्चा काउंटर, मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों के बीच मरीजों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों की शिफ्टिंग प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में अस्पताल प्रशासन ने पर्चा काउंटर को महिला विंग से स्थानांतरित कर आयुष विंग में स्थापित करने का निर्णय लिया है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार शनिवार से पर्चा काउंटर आयुष विंग में संचालित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. कौशल कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य जारी रहने के कारण विभिन्न विभागों को चरणबद्ध तरीके से दूसरी जगहों पर स्थानांतरित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्चा काउंटर को आयुष विंग में स्थानांतरित करने का उद्देश्य मरीजों को कम समय में अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों को पंजीकरण संबंधी कार्यों में अधिक सहूलियत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों से नई व्यवस्था के अनुरूप सहयोग करने की अपील की है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान भी स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।

Share this story