वाराणसी पुलिस की बड़ी उपलब्धि, सीएम डैशबोर्ड में तीसरा और IGRS में लगातार पांचवें माह पहला स्थान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट ने कानून-व्यवस्था और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व और प्रभावी मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप माह मार्च की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में वाराणसी को पूरे प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं, IGRS (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर उत्कृष्ट कार्य करते हुए वाराणसी पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जो लगातार पांच महीनों से बरकरार है।

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग 51 विभिन्न महत्वपूर्ण पैरामीटर पर आधारित होती है। इनमें अपराध नियंत्रण, विवेचना का समयबद्ध निस्तारण, पुरस्कार घोषित व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल 112 की रिस्पांस टाइम, गौ तस्करी व NDPS एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई, महिला अपराधों में त्वरित कार्यवाही, SC/ST एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व गुण्डा एक्ट के तहत की गई कार्रवाई, तथा विभिन्न मामलों में न्यायालय से सजा जैसे बिंदु शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए वाराणसी पुलिस ने उच्च अंक प्राप्त किए हैं।

पुलिस आयुक्त द्वारा की जाने वाली नियमित साप्ताहिक समीक्षा और सख्त मॉनिटरिंग का ही परिणाम है कि वाराणसी पुलिस लगातार आठ महीनों से प्रदेश के टॉप-10 जिलों में अपनी जगह बनाए हुए है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वर्ष 2023 और 2024 में वाराणसी की रैंकिंग प्रदेश में लगभग 70वें स्थान के आसपास रहती थी, जिससे यह अंतिम 10 जिलों में शामिल था। लेकिन निरंतर सुधारात्मक प्रयासों और रणनीतिक कार्यप्रणाली के चलते अब स्थिति में व्यापक बदलाव देखने को मिला है।

विशेष रूप से महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील दृष्टिकोण ने पुलिस की कार्यप्रणाली को और मजबूत किया है। इसके अलावा, डायल 112 पीआरवी का रिस्पांस टाइम भी उच्च स्तर का रहा है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को तत्काल सहायता मिल रही है। IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ने वाराणसी पुलिस को लगातार पांच माह से प्रदेश में शीर्ष स्थान पर बनाए रखा है। यह दर्शाता है कि पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण में बल्कि जनसुनवाई और शिकायत निवारण में भी पूरी तरह सक्रिय और उत्तरदायी है।

Share this story