वाराणसी : प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे रहेगी पुलिस की नजर, सुरक्षा व्यवस्था होगी और सख्त

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही यूपी-112 वाहनों की तैनाती भी ऐसे स्थानों पर की जाएगी, जिससे किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

यह निर्णय पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, रात्रि गश्त और ऑपरेशन चक्रव्यूह की प्रगति की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में यूपी-112 की गाड़ियों को इस प्रकार तैनात किया जाएगा कि किसी भी आपात स्थिति में कम समय में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा सके। इसके लिए रणनीतिक और सटीक लोकेशन का चयन किया जाएगा।

बैठक में रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक थाने की पुलिस फोर्स का एक बड़ा हिस्सा रात के समय गश्त में सक्रिय रहे। इसके अलावा ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत नियमित चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर के व्यस्त इलाकों में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जाम की समस्या को कम किया जाए।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Share this story