मुहर्रम को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, बम व डॉग स्क्वायड रहेंगे तैनात
वाराणसी। मुहर्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने बुधवार को काशी जोन के मुस्लिम बहुल एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने चैकाघाट, नाटी इमली, दोषीपुरा, नक्खीघाट, गोलगड्डा, पीलीकोठी, हनुमान फाटक, कज्जाकपुरा सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्ग, इमामबाड़ों, मजलिस स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील चौराहों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान प्रत्येक संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थान पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जुलूस मार्गों पर प्रभावी बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, एंटी-सबोटाज चेकिंग, मेटल डिटेक्टरों का उपयोग तथा आवश्यकतानुसार डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित पैदल गश्त, फ्लैग मार्च तथा स्थानीय धर्मगुरुओं, ताजियादारों और शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री की निगरानी कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शिवहरी मीणा ने जुलूस मार्गों पर पूर्व निर्धारित डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने तथा नागरिकों को समय रहते यातायात संबंधी सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर निगम, विद्युत, जलकल, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा एवं अग्नि सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सहित संबंधित थाना प्रभारी, यातायात अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

