वाराणसी पुलिस ने हत्याकांड का चंद घंटों में किया खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी को पकड़ा, पैर में लगी गोली, सिर कूंचकर साड़ी कारीगर की हुई थी हत्या
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार की भोर में हुई हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कथित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस आरोपित को लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने गई थी। उसी दौरान उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया।

एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया कि आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार की भोर में पुलिस को एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। मृतक की शिनाख्त रवि चौहान उर्फ पप्पू के रूप में हुई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज खंगाले तो आरोपी मोहम्मद ताजिम का पता चला। इसके बाद पुलिस ने उसे घेरेबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने जा रही थी।

आरोपी ने आदमपुर पिकेट पर तैनात एक पुलिसकर्मी की पिस्टल कथित तौर पर छीन ली और वहां से फरार हो गया। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। एसओजी टीम को भी कार्रवाई में लगाया गया।

पुलिस टीम ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में बसंत कॉलेज के पास पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की जानकारी मिली। टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

