वाराणसी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में बरामदगी, चार गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने और रखने के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गईं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य अपराधियों पर अंकुश लगाना और पर्यावरण व जनसुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
थाना मण्डुवाडीह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 90.70 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्त मनिल कुमार गुप्ता (40 वर्ष) को लहरतारा फुलवरिया ओवरब्रिज के नीचे शंकर भगवान के मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 31.680 किलोग्राम मांझा बरामद हुआ। अभियुक्त अनिल गुप्ता (48 वर्ष) को बौलिया तिराहे पर दुर्गा माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 59.020 किलोग्राम मांझा बरामद हुआ। इनके खिलाफ थाना मण्डुवाडीह में क्रमशः मु.अ.सं. 0003/2025 और 0002/2025 के तहत पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और अन्य धाराओं में मामले दर्ज किए गए।
थाना कैंट पुलिस ने घौसाबाद, नदेसर क्षेत्र में दबिश देकर कृष्णानंद गुप्ता (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त अपनी दुकान और गली-मोहल्लों में घूम-घूमकर मांझा बेचता था। उसके पास से 6.300 किलोग्राम चाइनीज मांझा बरामद हुआ। इस मामले में मु.अ.सं. 0012/2025 दर्ज कर कार्रवाई की गई।चौबेपुर पुलिस ने मुनारी बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर अरविंद गुप्ता (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त अपनी दुकान पर मांझा बेच रहा था। पुलिस ने उसके पास से 3.370 किलोग्राम चाइनीज मांझा बरामद किया। इस पर मु.अ.सं. 0010/2025 दर्ज कर लिया गया।