वाराणसी में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 72 वाहन सीज, मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन और अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, फाल्टी नंबर प्लेट और अवैध नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान 72 वाहनों को सीज कर दिया गया। अभियान से वाहन चालकों में खलबली मची रही। 

पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, फाल्टी नंबर प्लेट और अवैध नंबर प्लेट वाले वाहनों की विशेष जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही। पुलिस अधिकारियों ने ऐसे चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 16 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 72 वाहनों को सीज़ कर दिया गया। इसके साथ ही 921 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 20 लाख 78 हजार 300 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। अभियान के तहत सड़क और फुटपाथों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भी मौके पर कार्रवाई की गई। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने अतिक्रमण हटवाकर कई स्थानों पर आवागमन को सुचारु कराया। बाजारों और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी एवं सतत पहल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और अतिक्रमण फैलाने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Share this story