वाराणसी : पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर, 5.794 किलो ग्राम सफेद धातु के बर्तन व 30 हजार नकदी बरामद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में हुई सफेद धातु के बर्तनों की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 किलो 794 ग्राम सफेद धातु के बर्तन और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। बरामद सामान में गिलास, कटोरी, प्लेट और चम्मच शामिल हैं। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। 

पुलिस के अनुसार 14 मार्च को एक व्यक्ति ने थाना चौक में लिखित सूचना दी थी कि उसके फर्म में काम करने वाले कर्मचारी ने चोरी कर ली है, जिसमें बड़ी मात्रा में ज्वेलरी और अन्य सामान गायब हो गया। इस संबंध में थाना चौक में मुकदमा संख्या 52/2026 धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। 

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर रविवार की रात आरोपी रजत मिश्रा (27) निवासी चौखंभा, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के बाथरूम के पास पुराने कुएं के ऊपर खिड़की पर रखे प्लास्टिक के बोरे से चोरी का सामान बरामद किया गया। 

बरामद सामान में 54 गिलास, 30 कटोरी, 15 प्लेट, 64 चम्मच सहित कुल 5.794 किलो सफेद धातु के बर्तन और 30 हजार रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, आलोक कुमार यादव, शालू शर्मा, मुख्य उपनिरीक्षक मधुनी कुमार तथा कांस्टेबल चंदन कुमार और गोलू खरवार की टीम शामिल रही।

Share this story