वाराणसी : पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चेन स्नेचर, 10 ग्राम सोने की चेन बरामद, सारनाथ में महिला संग हुई थी घटना 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक पेशेवर चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई में जुटी रही। 

एडीसीपी लिपि नागाचय ने बताया कि घटना 3 मई को हुई थी। महिला बाजार से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही आधुनिक तकनीक और “अक्ष ऐप” की मदद से संदिग्ध की शिनाख्त की गई। लगातार निगरानी और पुलिस टीम की मेहनत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी बबलू जायसवाल शिवपुर के भरलाई में किराये के कमरे में रहता है। उसने पूछताछ में बताया कि बाइक की नंबर प्लेट में मिट्टी लगाकर उसे छिपा दिया था। वहीं हीरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास महिला के गले से चेन नोचकर फरार हो गया। उसी चेन को रात में किसी राहगीर को बेचने की फिराक में था। उसी दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। 

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में सारनाथ एसओ पंकज त्रिपाठी, एसआई शिवनारायण सिंह, देवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, दिलीप यादव, विनीत सिंह, पंकज सिंह, कांस्टेबल सौरभ तिवारी, विजय सरोज शामिल रहे।

Share this story