वाराणसी पुलिस की बड़ी सफलता : 121 खोए मोबाइल बरामद, 25 लाख की संपत्ति लौटाई
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का मजबूत उदाहरण पेश किया है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन एवं अपराध नीतू काद्दयान के नेतृत्व में सर्विलांस टीम ने 121 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

CEIR पोर्टल से ट्रैकिंग, तकनीक का सटीक इस्तेमाल
इस अभियान की खास बात यह रही कि डीसीपी नीतू काद्दयान ने खुद इसकी निगरानी की। CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गहन विश्लेषण कराया गया। उनके निर्देशन में सर्विलांस प्रभारी दिनेश कुमार यादव और टीम ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल फोनों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक बरामद किया।

मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिले
बरामदगी के बाद आयोजित कार्यक्रम में डीसीपी नीतू काद्दयान ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस दौरान डीसीपी ने कहा कि आम नागरिकों के लिए उनका मोबाइल बेहद महत्वपूर्ण होता है और उसे वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।

पुलिस की छवि हुई और मजबूत
इस प्रभावी कार्रवाई से वाराणसी पुलिस की विश्वसनीयता और छवि आम जनता के बीच और मजबूत हुई है। लगातार ऐसे अभियानों के जरिए पुलिस यह संदेश दे रही है कि वह नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

लोगों से अपील: तुरंत दर्ज कराएं शिकायत
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ट्रैकिंग आसान होती है और मोबाइल वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।









