वाराणसी : पुलिस का ऑपरेशन दहन, भट्ठी में झोंक दिया गया गांजा और हेरोइन
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन दहन" के तहत थाना भेलूपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मुकदमों में जब्त किए गए करीब 8.10 लाख रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से विनष्टीकरण कराया। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और मजबूत करना है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस महानिदेशक के आदेशों के अनुपालन में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई। जब्त किए गए मादक पदार्थों को निर्धारित मानकों के अनुसार रामनगर (चंदौली) स्थित श्री गणेश प्लाइवुड इंडस्ट्री में पूरी सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ नष्ट किया गया।
थाना भेलूपुर पुलिस द्वारा विभिन्न अभियोगों से बरामद 11.9 किलोग्राम गांजा, 89.6 ग्राम अल्प्राजोल पाउडर तथा 8 ग्राम हेरोइन का विनष्टीकरण किया गया। पुलिस के अनुसार इन मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8.10 लाख रुपये है।
पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विनष्टीकरण की वीडियोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों की मौजूदगी में सभी वैधानिक औपचारिकताओं का पालन करते हुए मादक पदार्थों को नष्ट किया गया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या दुरुपयोग की संभावना न रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि "ऑपरेशन दहन" के तहत विभिन्न थानों में लंबित मामलों में जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध और सुरक्षित निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने और युवाओं को नशे की लत से बचाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

