वाराणसी : संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर होटल चंद्रा इन में पुलिस की छापेमारी, रजिस्टर की जांच, कई लोगों को हिरासत में लिया

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने होटल चंद्रा इन में औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल के अभिलेखों की गहन जांच की गई। रजिस्टर में कुछ संदिग्ध प्रविष्टियां मिलने के बाद पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

स्थानीय पुलिस को होटल चंद्रा इन में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी रोहनिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल होटल पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी, महिला उपनिरीक्षक और महिला कांस्टेबल भी टीम के साथ मौजूद रहीं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर महिला संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

123

होटल पहुंचने के बाद पुलिस ने सबसे पहले वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की और होटल प्रबंधन से आगंतुकों का रजिस्टर तथा अन्य अभिलेख तलब किए। जांच के दौरान पुलिस ने होटल में ठहरे लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों और रजिस्टर में दर्ज विवरण का मिलान किया। इस दौरान कुछ प्रविष्टियों और तथ्यों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

 

एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि होटल चंद्रा इन में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान होटल के रजिस्टर में कुछ संदिग्ध तथ्य सामने आए हैं। जिन लोगों पर संदेह है, उन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पूछताछ और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

123

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही होटल प्रबंधन द्वारा अतिथियों का रिकॉर्ड रखने और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया का भी परीक्षण किया जा रहा है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या गैरकानूनी गतिविधि की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story