वाराणसी में पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान: 1082 वाहनों का चालान, 142 वाहन सीज
अपराध नियंत्रण के लिए सड़क पर उतरे पुलिस कमिश्नर, शहरभर में चली चेकिंग
वाराणसी। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को शहरभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। Mohit Agarwal के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान 1082 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 142 वाहनों को सीज कर दिया गया।

पुलिस कमिश्नर ने खुद संभाली कमानचेकिंग अभियान के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल स्वयं शहर में भ्रमण पर निकले और Paharia तथा JHV Mall क्षेत्र में चल रही चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता और पेशेवर तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म वाले वाहनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया चलाने वालों, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने 31 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई, जबकि एक लावारिस वाहन को भी सीज किया गया। सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

संदिग्ध गतिविधियों पर रखी गई कड़ी नजर
पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान से आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
नवागत आरक्षियों को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण
अभियान के दौरान पुलिस आयुक्त ने नवागत आरक्षियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सुरक्षित और प्रभावी तरीके से जांच कैसे की जाए तथा चेकिंग के दौरान कानून सम्मत कार्रवाई और शालीन व्यवहार बनाए रखना कितना जरूरी है।

आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

