सावन के पहले सोमवार को लेकर हाईअलर्ट पर वाराणसी पुलिस, पुलिस आयुक्त ने परखा प्लान, 5 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान, कांवड़ियों के वेश में रहेंगे तैनात 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन के पहले सोमवार पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के काशी पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कांवड़ियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में उनका फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सावन मेले के दौरान काशी में लगभग 5,000 पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। वर्दीधारी पुलिस बल के अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही कुछ पुलिसकर्मी कांवड़ियों के वेश में भी भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोका जा सके।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती रहेगी। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी, जिससे महिलाओं और परिवारों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बाहरी जनपदों से ड्यूटी पर आए पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी श्रद्धालु से अभद्र व्यवहार या किसी प्रकार की अवैध वसूली बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उन्हें सुगमता से दर्शन कराने में हर संभव सहयोग देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि ऐसा सकारात्मक माहौल तैयार करना भी है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु वाराणसी की अच्छी छवि लेकर लौटें। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सेवा, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि सावन का पहला सोमवार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Share this story