वाराणसी : ईद मिलादुन्नवी के जुलूस में बिना अनुमति पहुंचे वाहन, पुलिस ने काटे चालान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। ईद मिलादुन्नवी के अवसर पर बुधवार को रेवड़ी तालाब से निकाले गए जुलूस में निर्धारित अनुमति से अधिक वाहनों के शामिल होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। जुलूस के लिए आयोजकों ने 100 वाहनों की अनुमति ली थी, लेकिन मौके पर करीब 200 अतिरिक्त वाहन शामिल पाए गए। भेलूपुर क्षेत्र में पुलिस और यातायात विभाग की टीम ने वाहनों की जांच करते हुए बिना अनुमति शामिल वाहनों के चालान काटे और जुर्माना लगाया।

पुलिस के मुताबिक, जुलूस के आयोजन से पहले आयोजकों की ओर से वाहनों की सूची यातायात पुलिस को उपलब्ध कराई गई थी। इसी सूची के आधार पर जुलूस में शामिल वाहनों का सत्यापन किया गया। भेलूपुर क्षेत्र में पुलिस ने जुलूस के दौरान वाहनों की चेकिंग के साथ पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई। जांच के दौरान सूची में दर्ज वाहनों के अलावा बड़ी संख्या में अन्य वाहन जुलूस में शामिल मिले। पुलिस ने ऐसे वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति जुलूस में शामिल हुए वाहनों पर जुर्माना लगाया गया है।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि जुलूस के लिए आयोजकों की ओर से 100 वाहनों की अनुमति मांगी गई थी और संबंधित वाहनों की सूची यातायात पुलिस को दी गई थी। सूची में शामिल वाहनों के अतिरिक्त जुलूस में पहुंचे वाहनों की वीडियोग्राफी कराकर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों और अनुमति की शर्तों का पालन करना जरूरी है। अनुमति से अधिक वाहनों के शामिल होने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this story