वाराणसी : शातिर तस्कर हुआ गिरफ्तार, कई दिनों से तलाश रही थी पुलिस
वाराणसी। गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी को चौबेपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को रजवारी अंडरपास के पास से पकड़ा। पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संदीप कुमार निवासी मीरपुर सोनबरसा थाना सादात जनपद गाजीपुर का निवासी है। उसे रविवार को रजवारी अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। 8 मार्च को थाना चौबेपुर में दुर्गवा रजवाड़ी हवाई पट्टी के पास कुछ अज्ञात लोग पिकअप वाहन संख्या यूपी 67 एटी 1049 में गोवंशीय पशुओं को अमानवीय तरीके से बांधकर तस्करी के लिए ले जा रहे थे। इस सूचना के आधार पर थाना चौबेपुर में मुकदमा संख्या 0124/2026 धारा 3/5(ए)/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पवन कुमार राय द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी संदीप कुमार की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उक्त मामले में ही आपराधिक इतिहास दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन कुमार के साथ कांस्टेबल मिथिलेश यादव और कांस्टेबल गुलशन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता जैसी घटनाओं पर सख्त नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

