वाराणसी : पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से लूटकांड का किया खुलासा, मुठभेड़ के बाद आठ बदमाशों को पकड़ा, एक को लगी गोली, लूटी गई रकम की शत-प्रतिशत रिकवरी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पूरे पांच लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, एक बुलेट बाइक, एक पिस्टल बरामद की गई। गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

231

एडीसीपी काशी जोन वैभग बांगर ने गिरफ्तारी और बरामदगी का खुलासा करते हुए बताया कि  27 जून को एक सर्राफा व्यापारी अपने मित्र के साथ स्कूटी से नदेसर से घर लौट रहे थे। व्यापारी के पास कपड़े के झोले में करीब पांच लाख रुपये रखे थे, जो उन्होंने प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए उधार लिए थे। इसी दौरान बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास तीन-चार अज्ञात बदमाश झोला छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

123

घटना के खुलासे के लिए चेतगंज और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्विलांस तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर रामनगर के लंका मैदान और बंदरगाह रोड क्षेत्र में दबिश देकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को व्यापारी के आने-जाने और नकदी ले जाने की जानकारी पहले से थी। इसी सूचना के आधार पर पूरी वारदात की योजना बनाकर अंजाम दिया गया।

123

गिरफ्तार आरोपियों में कोतवाली थाना के दारानगर नवापुरा निवासी आकाश सेठ, चोलापुर थाना के गोसाईपुर निवासी आशीष मोर्या, चंदौली जिले के सदर कोतवाली के बसारिकपुर गांव निवासी सिपाही उर्फ विजय यादव, चंदौली के शास्त्री नगर वार्ड नंबर 2 निवासी आकाश यादव, चंदौली के झांसी निवासी प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्या, चंदौली के बसारिकपुर निवासी अमित कुमार और नसीरपुर निवासी जावेद अख्तर शामिल हैं। आरोपियों के पास से लूटे गए माल की शत-प्रतिशत रिकवरी पर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने पुलिस टीम को 25 हजार इनाम देने की घोषणा की। 

123

पुलिस टीम में चेतगंज एसओ विजय कुमार शुक्ला, रामनगर एसओ संजय कुमार मिश्रा, एसआई चेतगंज अली अतहर, विकल शांडिल्य, वैभव शुक्ला, विकास मिश्रा, संदीप कुमार सिंह, एसआई रामनगर आदित्य कुमार राय, मुख्य आरक्षी जैतपुरा थाना कुलदीप सिंह, रामनगर थाने के कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद, चेतगंज थाना के कांस्टेबल विकास शुक्ला, संजय प्रताप, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी, अश्वनी सिंह और अनुपम शामिल रहे।

123

Share this story