वाराणसी : पुलिस ने ढूंढ निकाला एप्पल का खोया मोबाइल, विदेशी छात्रों को लौटाया, खिले चेहरे
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस की सतर्कता, ईमानदारी और तकनीक के प्रभावी उपयोग का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। नेपाल से वाराणसी भ्रमण पर आए कुछ छात्रों का महंगा एप्पल मोबाइल फोन चेतगंज क्षेत्र में कहीं गुम हो गया था। विदेशी छात्र मोबाइल खोने के बाद काफी परेशान थे और उन्हें इसके मिलने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी।
चेतगंज थाना क्षेत्र की पान दरीबा चौकी प्रभारी विजय कुमार शुक्ला को यह मोबाइल फोन मिला। मोबाइल में कोई सिम कार्ड नहीं था और न ही उसके मालिक का कोई प्रत्यक्ष विवरण उपलब्ध था। ऐसे में मोबाइल के वास्तविक स्वामी तक पहुंचना पुलिस के लिए एक चुनौती बन गया।
समस्या के समाधान के लिए चौकी प्रभारी ने तकनीकी जानकारी रखने वाले युवा नमन को बुलाया और मोबाइल स्वामी की पहचान करने में सहयोग मांगा। नमन ने मोबाइल का तकनीकी परीक्षण किया और उस पर प्राप्त फेसबुक नोटिफिकेशन के आधार पर मोबाइल धारक से संपर्क स्थापित करने में सफलता हासिल की। कुछ घंटों की मेहनत के बाद मोबाइल के मालिक नेपाली छात्रों का पता चल गया।
इसके बाद छात्रों को चौकी पर बुलाया गया और आवश्यक सत्यापन के उपरांत उनका एप्पल मोबाइल फोन सकुशल वापस सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर छात्रों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने वाराणसी पुलिस की ईमानदारी और तत्परता की खुलकर प्रशंसा की।

