वाराणसी में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दो अंतरजनपदीय लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़ हो गई। लालपुर रिंग रोड के पास चेकिंग के दौरान पल्सर बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों बदमाश सड़क पर गिर पड़े। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोरखपुर के चिउटहा थाना क्षेत्र के चिउटहा (चिउराताल) निवासी प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक और रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार, तारामंडल रामपुर निवासी वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी के रूप में हुई है। गोली लगने से घायल प्रद्युम्न को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दूसरे आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 75 हजार रुपये नकद, पीली धातु, .315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी अंतरजनपदीय स्तर पर चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमरेपुर गांव में बीते 17 जुलाई को हुई चेन लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रमरेपुर में एक अधिवक्ता की मां से चेन लूटी थी। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
मुठभेड़ के बाद पुलिस अब दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। साथ ही वाराणसी के अलावा गोरखपुर और अन्य जिलों में उनके द्वारा की गई संभावित चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और कई वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

