वाराणसी : होटल के कमरे का दरवाजा कटर से काटकर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, वाई-फाई कनेक्ट करते ही पकड़ में आया, दर्ज हैं 14 आपराधिक मुकदमे

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में फायरिंग व हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी शेखर कौशल को शिवपुर थाना पुलिस, एसओजी और लखनऊ एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम बड़ालालपुर स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। पुलिस ने ग्राइंडर कटर से कमरे का दरवाजा काटकर उसे बाहर निकाला। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की। पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

एसओजी प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी होटल के कमरे में छिपा हुआ था। जैसे ही उसने अपने मोबाइल को होटल के वाई-फाई से कनेक्ट किया, उसकी लोकेशन और पहचान पुलिस के सामने आ गई। मोबाइल नंबर के आधार पर एसओजी ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र में 16 नवंबर की शाम स्कॉर्पियो सवार युवकों का चाय की दुकान पर भुगतान को लेकर उपेंद्र प्रताप सिंह से विवाद हुआ था। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पिस्टल से तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान उपेंद्र प्रताप सिंह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। उपेंद्र की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान मुख्य आरोपी शेखर कौशल की पहचान हुई। उसके खिलाफ गोमती नगर विस्तार और चिनहट समेत लखनऊ के विभिन्न थानों में 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर काले रंग की गाड़ियों और नेताओं के साथ वीडियो व रील बनाकर पोस्ट करता था। उसका इंस्टाग्राम अकाउंट 'कुंवर शेखर कौशल 0307' के नाम से है। डीसीपी वरूणा जोन राजेश पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम उसे अपने साथ ले गई है। इस कार्रवाई में शिवपुर थाना पुलिस और एसओजी की अहम भूमिका रही।

BK Pathak
BK Pathak

21916 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story