वाराणसी : रात में सड़क पर उतरे पुलिस कमिश्नर, देखी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूल्स की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या और जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब जमीनी स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल शनिवार की रात खुद सड़कों पर उतरे और “रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC)” योजना के तहत प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को परखा और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

123

पुलिस कमिश्नर ने ब्राडवे होटल से की ओर से रवींद्रपुरी, अस्सी तिराहा, लंका तिराहा, मालवीय चौराहा होते हुए ट्रॉमा सेंटर तक पैदल भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों, गलत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों, बिना नंबर प्लेट के वाहनों और अवैध ऑटो स्टैंड की स्थिति जानी। उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।

123

इस अभियान के तहत शहर के 10 प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर प्रत्येक मार्ग पर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल के रूप में तैनात किया गया है। ये अधिकारी स्थानीय थाना और चौकी प्रभारियों के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करेंगे और जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे। पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए।

123

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया। इनमें बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई, रांग साइड चलने वालों के खिलाफ सख्ती, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी की रोकथाम, अवैध ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड को हटाना तथा सड़क किनारे अतिक्रमण खत्म करना शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने आम नागरिकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केवल सख्ती से ही नहीं, बल्कि जागरूकता अभियान चलाकर भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं। इस दौरान डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार, एडीसीपी अंशुमान मिश्रा, एसीपी गौरव कुमार और इंस्पेक्टर लंका राजकुमार शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share this story