वाराणसी : लापरवाही पर पुलिस आयुक्त की सख्त कार्रवाई, इंस्पेक्टर समेत 12 दरोगा निलंबित, जांच के निर्देश
वाराणसी। पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शहर के कैंट, शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर थानों के औचक निरीक्षण के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर इंस्पेक्टर सहित 12 दरोगाओं को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई लंबित मामलों और जांच में सुस्ती को लेकर की गई है। पुलिस आयुक्त ने जांच के भी निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई मामलों की विवेचना 60 दिनों से अधिक समय तक लंबित पड़ी थी। पुलिस आयुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुकदमों की जांच, वाहन चेकिंग और वारंटियों की गिरफ्तारी जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कैंट थाने में समीक्षा के दौरान पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी गई कि लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। वहीं शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर थानों में भी कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन और शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही थी।
पुलिस आयुक्त ने लापरवाही पर कैंट थाने के निरीक्षक संतोष पासवान, उपनिरीक्षक आशीष श्रीवास्तव, भैरव श्रीवास्तव, मुन्ना यादव, जमुना प्रसाद तिवारी और प्रवेश कुंतल पर कार्रवाई की। इसी तरह शिवपुर थाने के उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कोमल यादव और आशीष कुमार सिंह, जबकि लालपुर पांडेयपुर थाने के उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार गुप्ता, कोमल कुमार गुप्ता और विजेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद महकमे में खलबली मची है।

