वाराणसी : बगीचे में बैठकर रच रहे थे साजिश, पुलिस ने घेरकर पकड़ा, नकदी, लोहे की सरिया व बाइक बरामद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शनिवार तड़के अर्जुनपुर से अदमा जाने वाली सड़क के किनारे स्थित एक बगीचे में की गई। उस समय पुलिस टीम इलाके में अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चला रही थी।

पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमोद उर्फ शक्कल पटेल, शमशेर पटेल, खेत्तन पटेल, किशन पटेल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 20,200 रुपये नगद, मोबाइल फोन तथा उनकी निशानदेही पर 13 अदद कामधेनु मार्का लोहे की सरिया और एक मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

123

एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे शौक और मौज-मस्ती के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने यह भी कबूला कि कुछ दिन पहले अर्जुनपुर क्षेत्र से पिकअप वाहन में लदी लोहे की सरिया चोरी की थी। चोरी के बाद उस सरिया को मनियारीपुर निवासी किसन पटेल को सस्ते दामों में बेच दिया गया था और माल उसके प्लॉट पर उतरवाया गया था।

आरोपियों ने बताया कि सरिया बेचने पर उन्हें लगभग 90 हजार रुपये मिले थे, जिसे चारों ने आपस में बांट लिया और धीरे-धीरे खर्च कर रहे थे। पुलिस द्वारा बरामद 20,200 रुपये उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा है। घटना के समय चारों आरोपी बगीचे में बैठकर अगली चोरी की साजिश रच रहे थे, तभी कपसेठी थाना प्रभारी एस.आर. गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल, सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Share this story