वाराणसी : तलवार से केक काटकर मनाया था जन्मदिन, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दबोचा
वाराणसी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "एक्स" पर तलवार से केक काटने का वीडियो वायरल होने के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक जन्मदिन समारोह के दौरान तलवार से केक काटते हुए दिखाई दे रहे थे। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने वीडियो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पता चला कि यह वीडियो 12 जून 2026 का है, जिसे मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के प्रतापपुर (करधना) स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान बनाया गया था। वीडियो में प्रदर्शित तलवार का इस्तेमाल केक काटने और प्रदर्शन के लिए किया गया था।
इसके बाद मिर्जामुराद पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने करधना से हाइडिल जाने वाले मार्ग के पास से 19 वर्षीय प्रीतम पटेल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तलवार बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद तलवार वही है, जिसका उपयोग जन्मदिन समारोह में केक काटने के लिए किया गया था। उसने बताया कि वीडियो वायरल होने और पुलिस द्वारा तलाश किए जाने की जानकारी मिलने पर वह तलवार को छिपाने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

