वाराणसी : पुलिस के हत्थे चढ़ा निर्माणाधीन मकानों से तार चोरी करने वाला गिरोह, 24 घंटे में तीन शातिर चोर गिरफ्तार, गैंगस्टर लगाने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की चितईपुर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से बिजली की वायरिंग के तांबे के तार चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए वायरिंग के तार भी बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि थाना चितईपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकानों से बिजली की वायरिंग के तांबे के तार चोरी होने की लगातार दो शिकायतें प्राप्त हुई थीं। घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और खुलासे के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की।

123

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोपाल विश्वकर्मा एवं अर्जुन वर्मा, दोनों निवासी भेलूपुर, तथा विशाल चौहान निवासी चितईपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से चोरी किए गए बिजली की वायरिंग के तांबे के तार बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे निर्माणाधीन मकानों को अपना निशाना बनाते थे। ऐसे मकानों की पहले रेकी की जाती थी और मौका मिलने पर वहां लगी नई बिजली की वायरिंग के तांबे के तार काटकर चोरी कर लिए जाते थे। बाद में इन तारों को कबाड़ियों या अन्य माध्यमों से बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनमें एक आरोपी के खिलाफ 13, दूसरे के खिलाफ 9 और तीसरे के खिलाफ 8 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस अब इनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके अलावा अगले एक सप्ताह के भीतर तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो।

Share this story