वाराणसी : पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, चोरी का माल बरामद, दर्ज हैं 18 मुकदमे

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लालपुर पाण्डेयपुर थाना पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल, लैपटॉप, कैमरा, मोटरसाइकिल समेत भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया गया है। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे चोरी, लूट व नकबजनी के मामलों के खुलासे के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पकड़े गए शातिर चोरों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। दोनों पर 18 मुकदमे दर्ज हैं। 

लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की रात गोईठहा मटरु पार्क के पास से दो अभियुक्तों विशाल कुमार और रितेश चौरसिया को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध थाना लालपुर पाण्डेयपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 0027/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि 23 जनवरी को वादिनी के घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर दूसरी मंजिल पर रखी तिजोरी और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान मिले सुरागों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

बरामदगी में सोने के ब्रेसलेट, अंगूठियां, कान के टॉप्स, नाक की कील, लॉकेट, “इंडियन आर्मी बैज ऑफ सैक्रिफाइस” अंकित मेडल, चांदी की प्लेट, चम्मच, कटोरी, ASUS कंपनी का लैपटॉप, कैनन कैमरा, रियलमी मोबाइल फोन, यामाहा एमटी मोटरसाइकिल, कपड़े और 1100 रुपये नकद शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त विशाल कुमार शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य धाराओं में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रितेश चौरसिया के खिलाफ भी 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं, जिनमें चोरी, रिसीविंग स्टोलन प्रॉपर्टी और अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह, मनीष सिंह, महेश  मिश्रा, हेड कांस्टेबल चंद्रसेन सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार तिवारी, विशाल कुमार, रामप्रवेश और पंकज शामिल रहे।

Share this story