वाराणसी : पारिवारिक विवाद में लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग करने वाले पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, असलहा बरामद, बेटे को लगी गोली  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर करने वाले पिता को न्यू कॉलोनी ककरमत्ता के रोहित रेजीडेंसी निवासी बिंदा कुमार सिंह को पुलिस ने मोतीझील महमूरगंज से गिऱफ्तार किया। कब्जे से .32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद की गई। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में आरोपित के बेटे को गोली लगी थी, जिसका इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। 

पुलिस के अनुसार, दो अक्टूबर की रात करीब 8:10 बजे आरोपी रानीपुर मोतीझील के पास मौजूद था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद हुई। आरोपी पर विवाद के दौरान लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के रानीपुर मोतीझील के पास होने की सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बरामद रिवाल्वर को कब्जे में लेकर उसके लाइसेंस से संबंधित अभिलेखों की भी जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के दौरान हथियार का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया और फायरिंग से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं।

बीएनएस और आर्म्स एक्ट में मुकदमा
पुलिस के अनुसार, मामले में भेलूपुर थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भेलूपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

Share this story