वाराणसी: मुहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, एसीपी ने लोहता इलाके में भ्रमण कर देखी सुरक्षा व्यवस्था, दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुहर्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शनिवार को लोहता थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम मनाने की अपील की। साथ ही अशांति फैलाने वाले अवांछनीय तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। 

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया अवधेश कुमार विश्वकर्मा तथा थाना लोहता पुलिस के साथ महमूदपुर, मीना बाजार, लोहता चौराहा, कुशवाहा नगर और हरपालपुर शिव मंदिर तक के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया।

123

एसीपी ने ताजिया जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता तथा पुलिस पिकेट की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र में नियमित गश्त और जनसंपर्क बनाए रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से भी संवाद कर आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को मुहर्रम समितियों, ताजियादारों और धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बैठकें आयोजित कर प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों की जानकारी देने को कहा गया। स्पष्ट किया गया कि ताजिया और अन्य धार्मिक जुलूस केवल पूर्व निर्धारित मार्गों और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। बिना अनुमति किसी भी नए मार्ग या कार्यक्रम की इजाजत नहीं होगी।

123

पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन करने और विद्युत तारों, सड़क अवरोधों व अन्य समस्याओं को समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा गया कि अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जुलूसों में किसी भी प्रकार के हथियार, धारदार वस्तु या खतरनाक सामग्री के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मुहर्रम पर्व को पूरी सुरक्षा, शांति और भाईचारे के साथ संपन्न कराया जाएगा।

Share this story