वाराणसी : पायलट और क्रू मेंबर्स ने ड्यूटी से किया इनकार, रद्द करनी पड़ी बेंगलुरु की फ्लाइट, दिल्ली की फ्लाइट के यात्रियों को करना पड़ा इंतजार  

VARANASI AIRPORT
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार और बुधवार को खराब मौसम और पायलटों की ड्यूटी अवधि से जुड़ी परिस्थितियों के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मंगलवार को तेज आंधी-बारिश के चलते इंडिगो की बेंगलुरु-वाराणसी उड़ान करीब 30 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाती रही। लैंडिंग के बाद एफडीटीएल के तहत निर्धारित ड्यूटी अवधि पूरी होने के कारण पायलट और क्रू ने वापसी उड़ान संचालित करने से इनकार कर दिया, जिससे बेंगलुरु जाने वाली उड़ान रद्द करनी पड़ी। वहीं, बुधवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान के पायलट के दिल्ली उड़ान संचालित करने से इनकार के बाद 132 यात्रियों को करीब दो घंटे इंतजार करना पड़ा।

मंगलवार को इंडिगो की उड़ान 6ई 6596 को शाम 5:45 बजे बेंगलुरु से वाराणसी पहुंचना था। विमान करीब 30 मिनट की देरी से शाम 6:15 बजे वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंचा। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। कम दृश्यता के कारण एटीसी से तत्काल लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। विमान करीब 30 मिनट तक वाराणसी के आसमान में चक्कर लगाता रहा। मौसम में सुधार के बाद शाम 6:45 बजे सुरक्षित लैंडिंग हुई।

इसी विमान को उड़ान संख्या 6ई 6597 के रूप में यात्रियों को लेकर बेंगलुरु लौटना था। हालांकि, पायलट और क्रू मेंबर ने एफडीटीएल के तहत निर्धारित ड्यूटी समय पूरा होने का हवाला देते हुए उड़ान संचालित करने से इनकार कर दिया। इसके चलते वापसी उड़ान रद्द कर दी गई।

167 यात्रियों के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था
उड़ान रद्द होने के बाद विमान में सवार 167 यात्रियों को एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक यात्रा के विकल्प दिए गए। कुछ यात्रियों को इंडिगो की दूसरी उड़ान 6ई 499 से बेंगलुरु भेजा गया। वहीं, कुछ यात्रियों के लिए मुंबई और हैदराबाद की उड़ानों के जरिए बेंगलुरु पहुंचने की व्यवस्था की गई। अधिकांश यात्री वैकल्पिक उड़ानों से रवाना हो गए। कुछ ने अगले दिन यात्रा करने का विकल्प चुना, जबकि कुछ यात्रियों ने टिकट रद्द कर रिफंड लिया।

132 यात्रियों को दो घंटे करना पड़ा इंतजार
बुधवार को शारजाह से वाराणसी आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-184 भी करीब चार घंटे की देरी से सुबह 10:30 बजे पहुंची। इसका निर्धारित आगमन समय सुबह 6:20 बजे था। विमान से 186 यात्री वाराणसी पहुंचे। इसी विमान को दिल्ली जाना था। 132 यात्री विमान में सवार हो गए, लेकिन पायलट ने दिल्ली उड़ान संचालित करने से इनकार कर दिया। इसके बाद एयरलाइन ने दिल्ली से वैकल्पिक पायलट वाराणसी बुलाया। पायलट के पहुंचने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोपहर करीब एक बजे विमान 132 यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हुआ।

Share this story