वाराणसी : झंडा लगाने के विवाद में शामिल उपद्रवियों की फोटो गांव में चस्पा, बाहरियों के गांव में प्रवेश पर पाबंदी
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के नोहिया गांव में दो दिन पहले अंबेडकर झंडे को लेकर हुए विवाद के बाद हुए उपद्रव में शामिल उपद्रवियों की फोटो चस्पा कर दी गई है। इसके जरिये प्रशासन सभी की पहचान सुनिश्चित करने में जुटा है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में सात थानों की पुलिस को तैनात किया गया है। वहीं सोशल मीडिया की विशेष निगरानी की जा रही है।
विवाद के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। ऐसे में प्रशासन अलर्ट है। पीएसी के साथ ही सात थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। एडीसीपी वरूणा लिपि नागायच ने नायब तहसीलदार के साथ गांव में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
दो दिन पहले नोहिया गांव में मंदिर पर अंबेडकर झंडा लगाने को लेकर विवाद के बाद जमकर उपद्रव हुआ था। उसमें एसीपी समेत चोलापुर थाने के दरोगा घायल हो गए थे। घटना के बाद उपद्रवी फरार हो गए थे। पुलिस ने सभी की फोटो गांव में चस्पा कराई है।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि उपद्रवियों की तस्वीर गांव में चस्पा कराई गई हैं। सोशल मीडिया की भी निगरानी की जा रही है। शांति व्यवस्था में खलल पैदा करने वालों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

