वाराणसी : लोगों से कर रहे थे गालीगलौज, पुलिस से भी उलझे, पहुंचे सलाखों के पीछे 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और अभद्रता कर रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये युवक राहगीरों, यात्रियों और श्रद्धालुओं के साथ गाली-गलौज और बदतमीजी कर रहे थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास कुछ लोगों द्वारा उत्पात मचाने की सूचना मिली थी। इस पर उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि पांच युवक राह चलते लोगों से अभद्र व्यवहार कर रहे थे और आसपास भीड़ एकत्र हो गई थी।

पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत होने के बजाय और अधिक उत्तेजित हो गए। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ भी बहस और विरोध करना शुरू कर दिया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांचों आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुन्दन कुमार और करन कुमार निवासी कज्जाकपुरा थाना आदमपुर, जावेद खान निवासी रामनगर, तथा अवतार और इन्द्र कुमार निवासी चुनार, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद, कांस्टेबल सदाशिव यादव और अविनाश कुमार की टीम शामिल रही।

Share this story