वाराणसी : सीवर समस्या को लेकर लोगों का हंगामा, जीएम जलकल और विधायक का किया घेराव, रास्ता बंद कर किया प्रदर्शन
वाराणसी। खोजवा पुस्तकालय गली से गुरुधाम राम मंदिर तक सीवर चोक की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश शनिवार को एक बार फिर फूट पड़ा। समस्या के समाधान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दाहचौक तिराहे से गुरुधाम तथा कश्मीरीगंज से गुरुधाम तक का रास्ता जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने जलकल विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी बीच जीएम जलकल और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव को स्थानीय लोगों ने घेर लिया और उन्हें पूरे इलाके की गली में घुमाते हुए दाहचौक पर बैठा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध तेज कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवर चोक की समस्या बनी हुई है। सीवर का पानी सड़कों और गलियों में फैलने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सीवर समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। मार्ग जाम होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

