वाराणसी : इलाज के दौरान मरीज की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। उधऱ अस्पताल ने लापरवाही की बात को सिरे से खारिज कर दिया। 

कपसेठी निवासी अनिल सिंह को पेट में तेज दर्द की शिकायत होने पर परिजनों ने भदवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के बाद रात में अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई, लेकिन अस्पताल में कोई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि मरीज की हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग डॉक्टरों को बुलाने के लिए इधर-उधर दौड़ते रहे, लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते अनिल सिंह की मौत हो गई।

मरीज की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। वहीं अस्पताल प्रशासन ने इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मृतक को पहले से हृदय संबंधी बीमारी थी और करीब तीन महीने पहले उनके हृदय में स्टेंट डाला गया था। प्रबंधन के अनुसार पेट दर्द की शिकायत पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन परिजन मरीज को बिना डिस्चार्ज कराए ही दूसरे स्थान पर ले जाने लगे, इसी दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इलाज पूरी गंभीरता से किया गया था।

Share this story