वाराणसी : ट्रेन में यात्री की गोली मारकर हत्या, यात्रियों में दहशत, जांच में जुटी आरपीएफ और जीआरपी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। डीडीयू जंक्शन से लखनऊ की ओर जा रही जम्मूतवी एक्सप्रेस में रविवार की रात गोली मारकर यात्री की हत्या कर दी गई। हत्यारे ने यात्री के सिर में गोली मारी और फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो सीट के पास लहुलुहान हालत में यात्री गिरा था। सूचना के बाद पहुंची जीआरपी और आरपीएफ घटना की जांच में जुट गई। 

123

घटना रात करीब 1:57 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। यात्री जब तक कुछ समझ पाते, तब तक एक युवक सीट पर लहूलुहान अवस्था में गिर चुका था। गोली उसके सिर में लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही ट्रेन में मौजूद रेलवे कर्मियों ने तत्काल कंट्रोल रूम को जानकारी दी। इसके बाद जीआरपी और रेलवे पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने ट्रेन को नियंत्रित तरीके से रोककर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। मृतक की पहचान बिहार के गया निवासी दिनेश साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जम्मू तवी एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन वाराणसी जीआरपी पहुंचे, जहां पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंपने की तैयारी शुरू कर दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में पुलिस अधिकारी प्रशांत वर्मा ने बताया कि घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान का प्रयास जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों की सूची भी खंगाल रही है।

इस वारदात ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक दिन पहले भी चंदौली में एक यात्री की पैसेंजर ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार ट्रेनों में हो रही आपराधिक घटनाओं से यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share this story