वाराणसी : गंगा में जल्द दौड़ेंगी सिर्फ इलेक्ट्रिक नावें, आईडब्ल्यूएआई ने शुरू की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा में पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) गंगा में संचालित डीजल और स्टीमर नौकाओं को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक नौकाओं में बदलने की तैयारी कर रहा है। योजना के तहत भविष्य में गंगा में केवल इलेक्ट्रिक नावों का संचालन करने का लक्ष्य रखा गया है।

आईडब्ल्यूएआई के अधिकारियों के अनुसार इस प्रस्ताव पर प्रारंभिक स्तर पर विचार-विमर्श किया जा चुका है और अंतिम निर्णय केंद्र सरकार द्वारा लिया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद गंगा किनारे इलेक्ट्रिक नौकाओं के संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएंगे, जिससे नावों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। प्राधिकरण का मानना है कि डीजल और स्टीमर नौकाओं की तुलना में इलेक्ट्रिक नावें पर्यावरण के लिए अधिक सुरक्षित और प्रदूषण रहित होंगी। इससे गंगा में जल और वायु प्रदूषण कम करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं टिकाऊ जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

आईडब्ल्यूएआई के अधिकारी वर्तमान में तकनीकी, संचालन और आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ऊर्जा आधारित जल परिवहन की संभावनाओं का भी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि वाराणसी में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन प्रणाली विकसित की जा सके।

हालांकि, इस योजना के सामने आर्थिक चुनौती भी है। वर्तमान में डीजल और सीएनजी से संचालित नावों एवं स्टीमर के संचालकों पर इलेक्ट्रिक नौकाओं में बदलाव का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ सकता है। ऐसे में प्राधिकरण इस दिशा में सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार कर रहा है। सरकार की मंजूरी और आवश्यक वित्तीय सहयोग मिलने के बाद इस महत्वाकांक्षी योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे गंगा में हरित और प्रदूषण मुक्त जल परिवहन को नई गति मिल सकेगी।

Share this story