वाराणसी: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हॉकी मैदान में दिखी बराबरी की जंग, बालिका टीम ने किया दमदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मिर्जामुराद क्षेत्र के गंगापुर स्थित हॉकी अकादमी में रविवार को महिला सशक्तिकरण विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर गंगापुर हॉकी एकेडमी ब्लू और गंगापुर एकेडमी बालिका टीम के बीच सेवन-ए-साइड हॉकी मैच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

मैच के दौरान बालिका टीम ने बालक वर्ग के साथ मुकाबला करते हुए पूरे मैच में जोरदार खेल दिखाया और बराबरी की टक्कर दी। बालिका टीम को मैच के दौरान कुल सात पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से एक को अंजलि मौर्य ने शानदार गोल में तब्दील कर टीम को बढ़त दिलाई। वहीं बालक वर्ग की ओर से जियुत प्रसाद ने मैदानी गोल दागकर स्कोर बराबर किया। इसके बाद हर्ष राजभर ने दूसरा गोल कर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी।

123

मैच के माध्यम से खिलाड़ियों ने यह संदेश दिया कि खेल के मैदान में प्रतिभा और मेहनत के दम पर लड़कियां भी किसी से कम नहीं हैं। कार्यक्रम के दौरान गंगापुर हॉकी एकेडमी के सचिव अवधेश मौर्य और एकेडमी के संस्थापक स्वर्गीय गुलाब प्रसाद मौर्य की धर्मपत्नी स्वर्गीय सीता देवी के निधन पर खिलाड़ियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में महिलाओं को समान अधिकार देने और लैंगिक भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कुमार सिंह “एडवोकेट”, पूर्व महामंत्री, दी तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब ने किया। मैच में अंपायर की भूमिका मोहम्मद अंसार अंसारी, लालबहादुर मौर्य और माता प्रसाद ने निभाई।

Share this story