वाराणसी : हनुमान जयंती पर बैजनाथ मंदिर में सजा दिव्य राम दरबार, भक्ति में डूबे काशीवासी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शहर के बिरदोपुर स्थित बैजनाथ मंदिर में दिव्य राम दरबार सजाया गया। प्रभु के दिव्य स्वरूप और दरबार के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान पूरा इलाका प्रभु श्रीराम के जयकारे से गुंजायमान होता रहा। 

कार्यक्रम का आयोजन शिव बारात के संस्थापक राजेश कुमार राजू के नेतृत्व में किया गया। मंदिर को फूलों की आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण दिव्यता और भक्ति से सराबोर हो उठा।

123

सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ पड़ी। भक्तों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि और संकटों से मुक्ति की कामना की। आयोजन के दौरान सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र राम नाम के जयकारों से गूंज उठा।

शाम को विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से इसका ग्रहण किया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ।

आयोजक राजेश कुमार राजू ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में भक्ति, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर करने का संकल्प दोहराया।

Share this story