वाराणसी : मातृ दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मातृ शक्तियों को सम्मानित कर लिया स्वच्छता का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को नमामि गंगे काशी क्षेत्र की ओर से श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृ शक्तियों को सम्मानित करते हुए समाज और परिवार के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। भारत माता के चित्र के समक्ष माताओं को नमन करते हुए उनके त्याग, ममता, संस्कार और संघर्षशील व्यक्तित्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस दौरान उपस्थित महिलाओं को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।

123

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला नहीं होती, बल्कि वह समाज को संस्कार और दिशा देने का कार्य भी करती है। जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण कर उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करती है, उसी प्रकार नदियां भी मानव जीवन के लिए जीवनदायिनी हैं। इसलिए नदियों की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना चाहिए। मातृ दिवस के अवसर पर गंगा समेत सभी नदियों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया गया।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को पौधे और कपड़े के झोले उपहार स्वरूप वितरित किए गए। आयोजकों ने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि कपड़े के थैलों का प्रयोग और हरियाली बढ़ाने का प्रयास पर्यावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि मां परिवार में शक्ति, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक होती है। वही आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, अनुशासन और सम्मान का पाठ पढ़ाती है। उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति का सम्मान करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि मातृ दिवस पर पौधे और कपड़े के झोले भेंट करना केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का एक सकारात्मक प्रयास भी है। इससे प्लास्टिक मुक्त समाज और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में अन्नपूर्णा सेवा सामाजिक समिति की ओर से भी सक्रिय भागीदारी निभाई गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और गंगा संरक्षण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

सम्मान समारोह में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, अन्नपूर्णा सामाजिक सेवा समिति की अध्यक्ष नीलिमा राय, सपना तिवारी, शिल्पा तिवारी, सौम्या शर्मा, अन्वेष भट्ट, रंजना सिंह, भारती सिंह सहित कई महिलाएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story